“हर घर तिरंगा” अभियान अंतर्गत 14 अगस्त को जिला मुख्यालय पर आयोजित होगी विशाल तिरंगा रैली।

“हर घर तिरंगा” अभियान अंतर्गत 14 अगस्त को जिला मुख्यालय पर आयोजित होगी विशाल तिरंगा रैली।
*रैली के सफल आयोजन एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने अधिकारियों ने रूट का किया निरीक्षण*
*रास्ते में अवरोध को हटाने दिए निर्देश*
“हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत दिनांक 14 अगस्त 2026 को सुबह 09:00 बजे से जिला मुख्यालय पर विशाल तिरंगा रैली का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें जनप्रतिनिधि, नागरिक, अधिकारी, कर्मचारी, शासकीय/अशासकीय स्कूल के छात्र/छात्रायें, स्वयं सेवी संस्थाएं सहभागिता करेंगे। तिरंगा रैली का आयोजन खण्डा रोड से प्रारंभ होकर सदर बाजार से गोलमार्केट होते हुये किला गेट पर समापन किया जाना है।
उक्त आयोजन के सफल एवं गरिमामय संचालन हेतु आज मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत भिण्ड वीर सिंह चौहान ने अपर कलेक्टर एल.के. पाण्डेय, अपर कलेक्टर एवं सीएमओ भिण्ड राजन बी नाडिया, एसडीएम भिण्ड अखिलेश शर्मा एवं सीएसपी भिण्ड के साथ रैली के रूट का निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने रास्ते में अवरोध उत्पन्न करने वाली सामग्री तथा अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए।




