संबल योजना के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें – कलेक्टर

संबल योजना के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें – कलेक्टर
*सीएम हेल्पलाइन निराकरण में बेहतर कार्य पर अधिकारियों को दी बधाई*
*समय सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक संपन्न*
कलेक्टर भिण्ड की अध्यक्षता में समय सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। इस दौरान अपर कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी तथा कई अधिकारी वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी तथा विभिन्न विभागों के लंबित आवेदनों एवं शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारियों को निर्देशित किया कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। इस बात का विशेष ध्यान रखें कि कोई भी प्रकरण समय सीमा के बाहर ना जाए। पुराने लंबित प्रकरणों को भी प्राथमिकता से निराकृत कर डिस्पोजल किया जाए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का संतुष्टि-पूर्ण निराकरण कराने पर विशेष जोर दिया।
कलेक्टर ने 50 दिवस से अधिक लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के संतोषजनक एवं बेहतर निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को बधाई दी तथा कुछ विभागों की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई जाने पर एक सप्ताह में शिकायतों का निराकरण कर प्रगति लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने सामाजिक न्याय विभाग अंतर्गत पेंशन, योजना एवं सांख्यिकी विभाग अंतर्गत जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र तथा शिक्षा विभाग अंतर्गत अतिथि शिक्षकों के मानदेय संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण करने निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी जनपद सीईओ एवं नगरीय निकायों के सीएमओ को मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए। लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की समीक्षा कर जिले में आयोजित पिछले तीन शिविरों में प्राप्त क्षेत्र की शिकायतें शून्य करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने दिनांक 26 अगस्त 2026 को औधोगिक क्षेत्र मालनपुर में मुख्यमंत्री जी के मुख्य आतिथ्य में प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा कर तैयारियों की जानकारी प्राप्त की तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय एवं गंभीरता के साथ कार्य करते हुए सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करें।
बैठक में समस्त विभाग अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए की न्यायालयीन प्रकरण का जबाव दावा समय पर प्रस्तुत करें। लापरवाही बरतने पर संबंधित जिला अधिकारी की जवाबदेही होगी।




