युवा संगम/रोजगार मेले में 207 युवाओं ने कराया पंजीयन, 189 आवेदकों का प्राथमिक चयन।

युवा संगम/रोजगार मेले में 207 युवाओं ने कराया पंजीयन, 189 आवेदकों का प्राथमिक चयन।
मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन भिण्ड के मार्गदर्शन में आज जिला रोजगार कार्यालय भिण्ड, शासकीय संभागीय आईटीआई भिण्ड, उद्योग विभाग, स्वास्थ्य विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, श्रम विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के संयुक्त तत्वावधान में युवा संगम/रोजगार मेले का आयोजन किया गया।
रोजगार मेले में जिले के युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मेले में कुल 207 आवेदकों द्वारा पंजीयन कराया गया। उपस्थित विभिन्न कंपनियों द्वारा आवेदकों की शैक्षणिक योग्यता, कौशल एवं अनुभव के आधार पर साक्षात्कार/चयन प्रक्रिया संपादित की गई, जिसमें 189 आवेदकों का प्राथमिक चयन किया गया।
मेले में युवाओं को विभिन्न रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों, कौशल विकास, प्रशिक्षण एवं शासन की रोजगारपरक योजनाओं के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपस्थित युवाओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
जिला प्रशासन द्वारा बताया गया कि ऐसे रोजगार मेलों का उद्देश्य जिले के अधिकाधिक युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें स्वरोजगार एवं शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़ना है। भविष्य में भी युवाओं के हित में इस प्रकार की गतिविधियां निरंतर आयोजित की जाएंगी।




