अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का हुआ आयोजन

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का हुआ आयोजन
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के आदेशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भिण्ड के निर्देशानुसार एवं के.एस. बारिया प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भिण्ड एवं अनुभूति गुप्ता सचिव जिला प्राधिकरण भिण्ड के कुशल मार्गदर्शन में आज दिनांक 01 अक्टूबर 2026 को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सेवा भारती वृद्धाश्रम भिण्ड में जिला चिकित्सालय भिण्ड के समन्वय से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर सह विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
उक्त दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों के सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य और उनके अधिकारों के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना है तथा कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय के विशेषज्ञों की टीम द्वारा उपस्थित वृद्धजन का शुगर, बी.पी., आदि का टेस्ट किया गया तथा उन्हें उचित चिकित्सा परामर्श एवं निःशुल्क दवाईयां आदि वितरित की गईं एवं ऑर्थोपेटिक, ई.एन.टी., आई स्पेशलिस्ट, मेडीशिन, स्किन स्पेशलिस्ट द्वारा भी वृद्धजन का चेकअप किया गया। उन्हें किस प्रकार से अपने दैनिक दिनचर्या को रखना चाहिए एवं व्यायाम करना चाहिए इस बारें में भी सलाह दी गई जिससे वे स्वास्थ्य और निरोग्य जीवन का निर्वाह कर सकें।
इसी कड़ी में देवेश शर्मा जिला विधिक सहायता अधिकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भिण्ड द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को कुछ कानूनी विषयों पर उनके अधिकारों के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि सभी वरिष्ठ नागरिकों को माता पिता व वरिष्ठ नागरिकों का भरण पोषण अधिनियम, 2007 के अंर्तगत देख रेख व भरण पोषण का अधिकार प्राप्त है जिसे वे अनुविभागीय अधिकारी के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर प्राप्त कर सकते हैं एवं वरिष्ठ नागरिक जो निराश्रित है उनके लिए सरकार द्वारा निराश्रित भवन का निर्माण किया गया है जिसमें उन्हें समस्त मूलभूत सुविधाऐं जैसे रहने की व्यवस्था, भोजन आदि की व्यवस्था, मेडीकल, मनोरंजन आदि की सुविधाऐं प्रदाय की जाती हैं। उक्त स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में लगभग 50 से अधिक वृद्धजन का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
उक्त कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय से डाॅ. आर.के. अग्रवाल, डाॅ. रविकांत गुप्ता, डाॅ श्रीकांत शर्मा, डाॅ. संजीव धर्मेश एवं सेवा भारती का स्टाॅफ, समस्त वृद्धजन एवं श्री सुभाष दुबे, पीएलव्ही पी.एल.व्ही., भिण्ड उपस्थित रहे।




