गौ सेवा का संकल्प: सरकार के साथ समाज भी आगे आए – मंत्री राकेश शुक्ला.. गौमाता की सेवा हमारी सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है – कलेक्टर

गौ सेवा का संकल्प: सरकार के साथ समाज भी आगे आए – मंत्री राकेश शुक्ला.. गौमाता की सेवा हमारी सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है – कलेक्टर
भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं तथा प्रकृति के सरंक्षण और पशुधन संवर्धन के प्रतीक पर्व गोवर्धन पूजा पर नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने आज भिण्ड जिले के विकासखण्ड मेहगांव स्थित दंदरौआ धाम गौशाला में पूरे विधि विधान से भगवान गोवर्धन की पूजा और परिक्रमा की। इस दौरान महामण्डलेश्वर श्री श्री 1008 रामदास जी महाराज, कलेक्टर पवन जैन, सीईओ जिला पंचायत वीरसिंह चौहान ने भी उनके साथ पूजा की। इस अवसर पर नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने प्रदेश और जिले वासियों को गोवर्धन पूजा की बधाई दी तथा उनकी उन्नति एवं प्रदेश की समृद्धि की कामना की।
नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने कार्यक्रम के दौरान गौमाता की पूजा कर, गुड़ खिलाकर आशीर्वाद लिया।
गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम में महामण्डलेश्वर श्री श्री 1008 रामदास जी महाराज ने अपने विचार व्यक्त करते हुये इस पर्व के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रदेश में शासकीय स्तर पर गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम की शुरुआत करने के लिये मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को साधुवाद भी दिया। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा भारतीय संस्कृति के साथ-साथ प्रकृति से मनुष्य के जुड़ाव का प्रतीक भी है।
गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने गौ संरक्षण और गौशाला संचालन के लिए समाज से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने गौशालाओं को प्रति गाय प्रतिदिन का अनुदान 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये किया है, ताकि गोवंश को बेहतर भोजन और देखभाल मिल सके।
मंत्री राकेश शुक्ला ने नागरिकों से अपील की कि गौ पूजन केवल अनुष्ठान न रहे, बल्कि उसे जिम्मेदारी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि लोग अपनी क्षमता अनुसार गौशालाओं में समय दें, सहयोग करें या गौवंश को गोद लेकर उनकी देखभाल का संकल्प लें। सड़कों पर मिलने वाली गाय सिर्फ सरकार की नहीं, बल्कि समाज और हम सबकी जिम्मेदारी है—यह संदेश उन्होंने दिया।
उन्होंने कहा कि गौशालाओं को सक्रिय बनाने और निराश्रित गोवंश को सुरक्षित रखने के लिए सरकार और समाज का साझा प्रयास आवश्यक है। गोवर्धन पूजा को गौ सेवा के संकल्प से जोड़ने से ही यह पर्व सार्थक होगा।
कलेक्टर पवन जैन ने कहा कि गोपाल कृष्ण योजना के तहत मेहगांव विधानसभा क्षेत्र के तीन प्रतिभाशाली पशुपालकों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार दिए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य गौवंश सेवा के प्रति लोगों को प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि गौमाता की सेवा हमारी सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है और आज गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर इस भावना को और गहराई मिलती है। कलेक्टर ने उपस्थित सभी लोगों से गौसेवा का संकल्प लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जो लोग गौमाता की सेवा करते हैं, उनकी रक्षा भगवान स्वयं करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला और कलेक्टर पवन जैन ने गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता के विकासखण्ड मेहगांव के वृंदावन ग्राम सोनी के प्रथम पुरस्कार विजेता पशुपालक सूरजभान सिंह, द्वितीय पुरस्कार विजेता पशुपालक राजकमल तथा तृतीय पुरस्कार विजेता पशुपालक मुरारी को शाल, श्रीफल, पगड़ी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार अटेर में परा गौशाला, भिण्ड में नुन्हाटा गौशाला, गोहद में रसनौल गौशाला और लहार में भीकमपुरा गौशाला में वृंदावन ग्राम के विजेताओं का सम्मान समारोह स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गौशाला संचालकों द्वारा आयोजित किया गया।
दंदरौआ धाम गौशाला में टीवी स्क्रीन लगाकर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण गौपालकों और किसानों द्वारा देखा एवं सुना गया। इस दौरान एसडीएम मेहगांव नवनीत शर्मा, उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग अवनीश कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




