No Slide Found In Slider.
ताजा ख़बरें

जन सहयोग से ही सरकार व प्रशासन के प्रयास सार्थक हो सकते हैं – मंत्री राकेश शुक्ला, छोटे-छोटे प्रयासों से ही आगे आने वाले बड़े जल संकट को टाला जा सकता है – कामना सिंह।

जन सहयोग से ही सरकार व प्रशासन के प्रयास सार्थक हो सकते हैं – मंत्री राकेश शुक्ला, छोटे-छोटे प्रयासों से ही आगे आने वाले बड़े जल संकट को टाला जा सकता है – कामना सिंह।

ग्राम सड़ासीपुरा में नधाऊ तालाब गहरीकरण कार्य का हुआ शुभारंभ।

नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत गंगा दशमी पर्व के उपलक्ष्य में आज जनपद पंचायत मेहगांव के ग्राम सड़ासीपुरा में नधाऊ तालाब का सामूहिक श्रमदान/जनसहयोग से तालाब गहरीकरण कार्य का विधिवत पूजन कर शुभारंभ किया गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया, कलेक्टर भिण्ड, सीईओ जिला पंचायत भिण्ड, एसडीएम मेहगांव सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने कार्यक्रम को संबोधित कर कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत गंगा दशमी पर्व के उपलक्ष्य में ऐसे कार्यक्रम पूरे मध्यप्रदेश भर में हो रहे हैं। जल गंगा संवर्धन कार्यक्रम लगातार तीन सालों से चल रहे हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ही जलाशयों का संरक्षण, ग्रामीण जल सुरक्षा और स्थानीय पारिस्थितिकी को सशक्त बनाना है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने पूरी गंभीरता के साथ लगातार तीन सालों में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ऐसे तमाम काम हाथों में लिए जो पूरे हुए।
उन्होंने कहा कि तालाब गहरीकरण का कार्य आंदोलन के रूप में हो, समाज के सहयोग से पूरा हो। उन्होंने लोगों से आग्रह कर कहा कि हमारे मुख्यमंत्री जी जिस मंशा के साथ काम कर रहे हैं, उसी मंशा से उसी गंभीरता से हम सबको यह संकल्प लेना होगा कि हम जल का संरक्षण करेंगे, तालाबों का गहरीकरण कर वर्षा जल का संचयन करेंगे, पेड़-पौधे लगाएंगे ताकि हम सब एक उपहार आने वाली पीढ़ी को देकर जाएं।
मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने आम नागरिकों से सहयोग का आग्रह किया और कहा कि सरकार व प्रशासन के प्रयास तभी सार्थक हो सकते हैं, जब जनता सक्रिय रूप से भाग ले। उन्होंने गांव-गांव में ऐसे जल संरक्षण कार्यों को बढ़ाने का आह्वान करते हुए समस्त अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को इस मुहिम को निरंतर चलाने निर्देशित किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया ने कहा कि आज जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत गंगा दशमी पर्व के उपलक्ष्य में इस नधाऊ तालाब का गहरीकरण का कार्य किया जा रहा है, जिसके लिए निधि दी गई है। लेकिन हर काम केवल निधि से पूरा नहीं होता उसके लिए जन सहयोग की आवश्यता होती है और यह हमारा गांव है, हमारा तालाब है, हमारा जल है। क्योंकि हम लोग ही इसका उपयोग करेंगे। इसलिए इस तालाब गहरीकरण कार्य को हम अपने घर का काम माने और इसमें हम जितना ज्यादा सहयोग दे सकें, वो सहयोग दें। उन्होंने कहा कि हम सबकी जिम्मेदारी है कि हम जल का दुरुपयोग नहीं करें, जितना हो सके जल संरक्षण और जल संचयन के लिए प्रयास करें। क्योंकि छोटे-छोटे प्रयासों से ही आगे आने वाले बड़े जल संकट को टाला जा सकता है।
जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह ने कहा कि यह सिर्फ सरकार का कार्यक्रम नहीं है, इस कार्यक्रम का उद्देश्य हमारे लोगों के लिए जल की अच्छी और पर्याप्त व्यवस्था है।

कलेक्टर भिण्ड ने कहा कि जल ही जीवन है ये हम सब जानते हैं। पानी का स्तर सही रहता है तो खेती में लागत कम हो जाती है। तालाब गहरीकरण का कार्य जो आज शुरू किया गया है, इससे निश्चित ही आस-पास के गांवों में पानी का स्तर बढ़ेगा। साथ ही गर्मियों में पशुओं के पीने के लिए पानी भी रहेगा। उन्होंने कहा कि सभी प्रकार के लाभ पानी को बचाने से बढ़ते हैं। आज इस तालाब के गहरीकरण कार्य का शुभारम्भ किया गया है यह एक बड़ा काम है जो जनसहयोग से हो सकता है, इसलिए सभी से जन सहयोग की अपील है। जन सहयोग के अतिरिक्त जैसा कि मंत्री जी की मंशा है कि जब हम इस काम को ले ही रहे हैं तो इतने अच्छे स्तर से किया जाए कि आने वाले कई सालों तक इसका लाभ आप सभी को मिलता रहे।

*मंत्री ने किया श्रमदान, जनता को दिया योगदान का संदेश*

कार्यक्रम के दौरान नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ मिलकर नधाऊ तालाब के गहरीकरण कार्य में श्रमदान किया। उन्होंने कहा कि जल संसाधन प्रत्येक ग्रामीण समाज की जीवनरेखा हैं और तालाबों के संरक्षण से कृषि, पेयजल उपलब्धता और भूजल स्तर में सुधार होता है। मंत्रियों और स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ हाथ मिलाकर श्रमदान का प्रत्यक्ष प्रदर्शन लोकलुभावन था और इससे जनभागीदारी की भावना को बल मिला।

*स्थानीयों ने जताया समर्थन*

कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने तालाब संवर्धन पहल की प्रशंसा की और कहा कि इस तरह के सामूहिक प्रयास से इलाके में जल संकट कम होगा।

a

Related Articles

Back to top button