No Slide Found In Slider.
ताजा ख़बरें

शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भिण्ड में प्रवेश जारी, 25 जुलाई तक प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने का अंतिम एवं सुनहरा अवसर।

शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भिण्ड में प्रवेश जारी, 25 जुलाई तक प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने का अंतिम एवं सुनहरा अवसर।

*महिलाओं के लिए प्रशिक्षण शुल्क में 25 प्रतिशत छूट*

प्राचार्य शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भिण्ड ने बताया है कि शासकीय सम्भागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भिण्ड द्वारा सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न रोजगारपरक ट्रेडों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन चॉइस फिलिंग पुनः प्रारंभ कर दी गई है। ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने पूर्व में ऑनलाइन आवेदन या चॉइस फिलिंग नहीं की थी अथवा किसी कारणवश प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण नहीं कर पाए थे, उनके लिए 25 जुलाई तक प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने का अंतिम एवं सुनहरा अवसर उपलब्ध है।

महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संस्थान में महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत सीटें आरक्षित की गई हैं। साथ ही महिला अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण शुल्क में 25 प्रतिशत की छूट भी प्रदान की जा रही है।

संस्थान में सिलाई एवं कढ़ाई, फैशन डिजाइनिंग एंड टेक्नोलॉजी, ट्रैक्टर मैकेनिक, इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक, स्टेनोग्राफर (हिन्दी), डीजल मैकेनिक, सोलर टेक्नीशियन, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रिक व्हीकल मैकेनिक, कारपेंटर, प्लम्बर, कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, मशीनिस्ट, टर्नर तथा फिटर सहित अनेक रोजगारोन्मुखी ट्रेडों में प्रशिक्षण उपलब्ध है।

प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी https://mpiticounseling.co.in लिंक अथवा क्यूआर कोड को स्कैन कर डीएसडी पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन एवं चॉइस फिलिंग कर सकते हैं। ऑनलाइन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की कठिनाई होने पर संस्था में हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है, जहाँ विशेषज्ञों द्वारा निःशुल्क मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहायता प्रदान की जा रही है।

आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं के लिए रेलवे, भारतीय सेना, पुलिस, सार्वजनिक उपक्रमों, विभिन्न निजी उद्योगों, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त प्रशिक्षित युवा स्वरोजगार, उद्यमिता, अप्रेंटिसशिप तथा उच्च शिक्षा के माध्यम से भी अपने करियर को नई दिशा दे सकते हैं।

संस्थान में आधुनिक प्रयोगशालाओं, अत्याधुनिक उपकरणों तथा अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है, जिससे विद्यार्थियों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक दक्षता एवं रोजगार परक कौशल प्राप्त होता है।

शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भिण्ड के प्राचार्य ने जिले के सभी इच्छुक युवक-युवतियों से अपील की है कि वे 25 जुलाई से पूर्व डीएसडी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन एवं चॉइस फिलिंग कर इस अवसर का लाभ उठाएँ और अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाएँ।

“कौशल है पहचान, कौशल है सम्मान – यही है सफलता का अभियान।”

a

Related Articles

Back to top button