सीईओ जिला पंचायत भिण्ड ने सांदीपनी स्कूल कनावर का किया निरीक्षण।

सीईओ जिला पंचायत भिण्ड ने सांदीपनी स्कूल कनावर का किया निरीक्षण।
*बच्चों की गलतियाँ सुधार कर शैक्षिक स्तर को बढ़ाने दिए निर्देश*
*पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश*
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत भिण्ड वीर सिंह चौहान ने आज सांदीपनी विद्यालय, कनावर का औचक निरीक्षण कर स्कूल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मध्याह्न भोजन के वितरण व गुणवत्ता की जांच की तथा सुनिश्चित किया कि सभी बच्चों को पोषणयुक्त भोजन मिल रहा है। क्लासरूम में बच्चों से सीधे गुना, भाग, जोड़ व घटाने के सवाल कर उनके गणितीय ज्ञान का आकलन किया, जिससे शिक्षण स्तर में पारदर्शिता आई। विद्यार्थियों की कॉपियाँ देख कर शिक्षकों को नियमित रूप से कॉपियाँ जांचने और बच्चों की गलतियाँ सुधार कर उनके शैक्षिक स्तर को बढ़ाने के निर्देश दिए।
विद्यालय परिसर में बच्चों के झूले के पास उगी बड़ी घास देखकर श्री चौहान ने तुरंत कटाई कराने के आदेश दिए तथा आसपास खुले क्षेत्र में वृक्षारोपण का महत्व बताते हुए पौधे लगाने के निर्देश जारी किए। उन्होंने स्वयं ग्राम पंचायत कनावर में एक पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सीईओ ने आगामी मंगलवार की सुबह वृहद स्तर पर बीजारोपण व वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश सीईओ जनपद, जनअभियान परिषद, सरपंच एवं सचिव को दिए ताकि अधिक से अधिक क्षेत्र को हरित बनाया जा सके। अधिकारियों व शिक्षकों से अपेक्षा जताई कि नियमित निरीक्षण एवं सहयोग से बच्चों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा।




