तिरंगे का सम्मान और राष्ट्रभक्ति हर नागरिक का कर्तव्य : सीईओ वीर सिंह चौहान।

तिरंगे का सम्मान और राष्ट्रभक्ति हर नागरिक का कर्तव्य : सीईओ वीर सिंह चौहान।
*कुंअरगढ़ से जिला पंचायत सीईओ ने की ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत*
*’एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधरोपण, स्वच्छता गतिविधि में भी लिया हिस्सा*
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति कुंअरगढ़ एवं नवांकुर संस्था प्रकर्ष फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान तथा ग्राम पंचायत के संयोजन में सामुदायिक भवन कुंअरगढ़ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत संगोष्ठी एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वीर सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने तिरंगा फहराकर एवं उपस्थित जनसमुदाय के साथ हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सीईओ वीर सिंह चौहान ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण भी किया। इसके साथ ही उन्होंने स्वच्छता गतिविधि में सहभागिता करते हुए ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत वीर सिंह चौहान ने कहा कि राष्ट्रभक्ति केवल किसी एक दिवस तक सीमित रहने वाली भावना नहीं है, बल्कि यह हमारे दैनिक जीवन और व्यवहार का हिस्सा होनी चाहिए। राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की एकता, अखंडता, त्याग, शांति और समृद्धि का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को तिरंगे के सम्मान और उसकी गरिमा का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
इस दौरान कार्यक्रम में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को भी विशेष रूप से जोड़ा गया। जिला पंचायत सीईओ वीर सिंह चौहान ने पौधरोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जिस प्रकार मां हमारे जीवन को पोषण और सुरक्षा देती है, उसी प्रकार वृक्ष भी हमें जीवनदायी वायु, छाया और पर्यावरणीय संतुलन प्रदान करते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से अपील की कि केवल पौधरोपण करने तक सीमित न रहें, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी लें। गांव में अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं और सामुदायिक स्तर पर उनके संरक्षण की व्यवस्था की जाए।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता गतिविधि आयोजित कर ग्रामीणों को स्वच्छ और सुंदर गांव बनाने का संदेश दिया गया। जिला पंचायत सीईओ सहित उपस्थित लोगों ने स्वच्छता गतिविधि में सहभागिता की। सीईओ जिला पंचायत ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। गांव के सार्वजनिक स्थानों, सामुदायिक भवन, विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति की 50 से अधिक महिलाएं, ग्राम पंचायत के सरपंच-सचिव, समाजसेवी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




