ग्रामीण विकास की फ्लैगशिप योजनाओं और अधोसंरचना विकास की विस्तृत समीक्षा,कलेक्टर की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास की समीक्षा बैठक का आयोजन

ग्रामीण विकास की फ्लैगशिप योजनाओं और अधोसंरचना विकास की विस्तृत समीक्षा,कलेक्टर की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास की समीक्षा बैठक का आयोजन
कलेक्टर पवन कुमार जैन ने निर्देश दिया है कि ग्रामीण विकास से जुड़ी शासन की फ्लैगशिप योजनाओं और हितग्राहीमूलक योजनाओं का क्रियान्वयन प्राथमिकता से किया जाए और पात्र हितग्राहियों को समय से योजनाओं का लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जनपद सीईओ को निर्देशित किया कि संबल-अनुग्रह के लंबित आवेदनों का समय सीमा में निराकरण किया जाए। शासकीय योजनाओं के तहत राशि अंतरण करने के पूर्व हितग्राहियों के बैंक खातों का मिलान आवश्यक रूप से किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि समस्त बैंक को निर्देशित किया जाए कि जनधन खातों में शासकीय राशि का अंतरण फेल होने से रूके। उन्होंने कहा कि डीपीआर की तुलना में अपूर्ण नल-जल योजनाओं का हस्तांतरण नहीं किया जाएगा। हस्तांतरण के दस्तावेजों में हस्ताक्षर में फर्जीवाड़ा की सूचना पर लिखावट विशेषज्ञों द्वारा परीक्षण कराया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि नल-जल योजनाओं के क्रियान्वयन के बाद सड़क मरम्मत भी अवश्य कराई जाए। कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित ग्रामीण विकास की समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने ग्रामीण अधोसंरचना विकास की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, पीएम अजय और मुख्यमंत्री मजरा टोला अंतर्गत गारंटी अवधि के अंदर पुरानी सड़कों का रखरखाव और नई सड़कों का डीपीआर तैयार व टेंडर जारी करने की कार्यवाही शीघ्रता से पूर्ण की जाए। उन्होंने कहा कि सभी पंचायतों में भारत नेट कनेक्शन क्रियाशील रखना जनपद सीईओ की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी पंचायतों के लिए पंचायत भवन की व्यवस्था करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण खेल मैदानों में झाड़ियां हटा कर सफाई की जाए जिससे बच्चों द्वारा इनका वास्तविक उपयोग किया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के सभी खेल मैदानों में 31 अक्टूबर को एकता दौड़ का आयोजन किया जाएगा तथा भविष्य के सभी शासकीय कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सामुदायिक भवन, गौशाला निर्माण, बाउंड्री वाल निर्माण, पीएम आवास योजना, इत्यादि की भी प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत वीर सिंह चौहान, समस्त जनपद सीईओ, ग्रामीण अभियांत्रिकी विभाग तथा एमपीआरआरडीए के अधिकारी उपस्थित थे।




