शक्ति अभिनंदन अभियान के तीसरे दिन आयोजित हुईं विभिन्न गतिविधियां।

शक्ति अभिनंदन अभियान के तीसरे दिन आयोजित हुईं विभिन्न गतिविधियां।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में महिलाओं से संबंधित विभिन्न कानून, अधिनियम और नियमों की दी गई जानकारी।
कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के मार्गदर्शन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार जैन के निर्देशन में शक्ति अभिनंदन अभियान के तीसरे दिन शासन निर्देशानुसार महिलाओं एवं किशोरियों को महिला सशक्तिकरण की दिशा में महिलाओं से संबंधित विभिन्न कानून, अधिनियम और नियमों की जानकारी दी गई। उक्त गतिविधियां परियोजना गोहद, मेहगांव, लहार, भिण्ड, गोरमी में आयोजित की गईं। बाल संरक्षण अधिकारी अजय सक्सेना के द्वारा महिलाओं से संबंधित विभिन्न कानून घरेलू हिंसाओं से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, कार्यस्थल पर महिलाओं को लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम, साइबर क्राइम से बचाव संबंधी विभिन्न अधिनियम पर विस्तार से जानकारी दी गई और अधिनियमों के तहत मिलने वाली सहायता के बारे में भी बताया गया कि आवेदन किस प्रकार से करना है, कहां करना है, आवेदन जमा करने की अवधि कितनी है, सभी सूक्ष्म चीजों को विस्तार से बताया गया।
अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर भी आयोजित होने वाली गतिविधियों में महिला बालिका का स्वास्थ्य परीक्षण एवं पोषण प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, समस्त परियोजनाओं पर बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से उन्हें स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में संबंधित परियोजना के परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक, विकासखंड चिकित्सा अधिकारी, एएनएम और महिलाएं उपस्थित रहीं, बालिकाओं को भी पोषण संबंधी जानकारी दी गई।
अजय सक्सेना द्वारा आगे अवगत कराया गया कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में ही डिस्ट्रिक्ट हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ़ वीमेन अंतर्गत भी महिलाओं को सशक्त, समर्थ और सक्षम बनाए जाने हेतु विभिन्न गतिविधि आयोजित की जाती रही हैं।
शक्ति अभिनंदन अभियान के तीसरे दिवस की गतिविधि का प्रमुख उद्देश्य महिला सशक्तिकरण के प्रति महिलाओं को जागरूक करना है जब महिला अपने अधिकारों के बारे में उनसे संबंधित विभिन्न कानून नियमों अधिनियम और शासन की योजनाओं से परिचित होंगी तो वह उनका लाभ भी ले सकेंगी।




