सिंधिया के प्रयासों से NH-719 परियोजना को मिली रफ्तार, ग्वालियर–भिंड–इटावा मार्ग का टेंडर जारी।

सिंधिया के प्रयासों से NH-719 परियोजना को मिली रफ्तार, ग्वालियर–भिंड–इटावा मार्ग का टेंडर जारी।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के निरंतर प्रयासों और सक्रिय पहल के चलते ग्वालियर–भिंड–इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-719) परियोजना को महत्वपूर्ण गति मिली है। यह परियोजना पहले MPRDC के पास थी, जहां इसका कार्य अपेक्षाकृत धीमी गति से आगे बढ़ रहा था। क्षेत्र की आवश्यकता और परियोजना के महत्व को देखते हुए केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने इसे प्राथमिकता से आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए।
विदित रहे कि 17 जून 2025 को भिंड से साधु-संतों सहित एक प्रतिनिधिमंडल ने इस मार्ग की जर्जर स्थिति और निर्माण में हो रही देरी को लेकर केंद्रीय मंत्री सिंधिया से मुलाकात कर अपनी चिंता व्यक्त की थी। इसके बाद उसी दिन सिंधिया ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष इस मांग को प्रमुखता से रखा। इसके पश्चात 31 मार्च 2026 को केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने गडकरी जी से विस्तृत चर्चा कर इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को शीघ्र स्वीकृति एवं निर्माण की दिशा में आगे बढ़ाने का आग्रह किया।
सिंधिया के सतत प्रयासों और प्रभावी फॉलोअप के परिणामस्वरूप परियोजना को MPRDC से लेकर NHAI को सौंपा गया, जिससे कार्य में उल्लेखनीय तेजी आई। उनके लगातार प्रयासों और क्षेत्र की आवश्यकताओं को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने का ही परिणाम है कि परियोजना का टेंडर शीघ्र जारी हुआ और अब निर्माण कार्य तेजी से प्रारंभ होने जा रहा है।
यह राष्ट्रीय राजमार्ग ग्वालियर-चंबल अंचल की कनेक्टिविटी को नई मजबूती देगा तथा क्षेत्र में व्यापार, आवागमन, निवेश और विकास की संभावनाओं को व्यापक विस्तार प्रदान करेगा।




