भारत के सर्वाेच्च न्यायालय में समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026 हेतु प्रचार-प्रसार एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन।

भारत के सर्वाेच्च न्यायालय में समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026 हेतु प्रचार-प्रसार एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन।
भारत के सर्वाेच्च न्यायालय द्वारा न्याय को सरल एवं सुलभ तरीके से घर-घर तक पहुंचाने तथा आपसी सहभागिता और सहमति से न्याय भावना को मूर्त रूप देने के लिये समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026 का आयोजन दिनांक 21, 22 तथा 23 अगस्त, 2026 को सर्वाेच्च न्यायालय परिसर में किया जायेगा। इस विशेष लोक अदालत में सर्वाेच्च न्यायालय में लंबित मामलों को शामिल किया जायेगा।
समाधान समारोह-2026 विशेष लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिये आज दिनांक 30-06-2026 को ए.डी.आर. सेंटर जिला न्यायालय परिसर, भिण्ड से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष द्वारा प्रचार-वाहन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। उपरोक्त प्रचार-वाहन के माध्यम से भिण्ड शहर तथा समीपवर्ती ग्रामों में समाधान समारोह-2026 विशेष लोक अदालत का प्रचार-प्रसार किया गया तथा धीरेन्द्र श्रीवास्तव पैरालीगल वाॅलेंटियर द्वारा विशेष लोक अदालत के लाभों के संबंध में आमजन को पेम्पलेट्स वितरित कर, आमजन को विशेष लोक अदालत की जानकारी दी गई। उक्त अवसर पर जिला मुख्यालय भिण्ड के न्यायाधीशगण, जिला विधिक सहायता अधिकारी, एलएडीसीएस अधिवक्तागण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
इसी क्रम में आज दिनांक 30-06-2026 को समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026 के सफल आयोजन हेतु जिला मुख्यालय भिण्ड के कर्मचारियों, पैनल अधिवक्तागण, मध्यस्थों के लिए प्रशिक्षण/ओरिएन्टेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष द्वारा उपस्थित जन को समाधान समारोह-2026 विशेष लोक अदालत के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई तथा मध्यस्थता प्रक्रिया के संबंध में चर्चा करते हुये अधिक से अधिक प्रकरणों में पक्षकारों को राजीनामा हेतु प्रेरित किये जाने हेतु निर्देशित किया गया।
समाधान समारोह-2026 में पक्षकारगण के साथ में सर्वाेच्च न्यायालय में लंबित राजीनामा योग्य मामलों का पक्षकारों की आपसी सहमति एवं सुलह के आधार पर निपटारा कराये जाने का प्रयास किया जायेगा। इसके लिये उपरोक्त मामलों में पक्षकारों के मध्य राजीनामा हेतु पूर्व सुलह बैठकों का आयोजन राज्य विधिक सेवा प्राधिकरणों, उच्च न्यायालय विधिक सेवा समितियों, जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों एवं तहसील विधिक सेवा समितियों में स्थापित मध्यस्थता केन्द्रों में किया जा रहा है जिनमें प्रशिक्षित मध्यस्थ संबंधित मामलों के पक्षकारों में सुलह हेतु पक्षकारों की सहायता करेंगे। पक्षकार इन पूर्व सुलह बैठकों में व्यक्तिगत रूप से सशरीर अथवा आभासी रूप से शामिल हो सकते हैं। इस प्रकार समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026 के आयोजन का लक्ष्य सर्वाेच्च न्यायालय में लंबित मामलों का सुलह एवं आपसी सहमति के माध्यम से शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। जिससे न्यायिक प्रक्रिया में पक्षकारों को लगने वाला समय एवं संसाधन की बचत हो सके। सर्वाेच्च न्यायालय द्वारा सभी अधिवक्तागण, वादकारियों तथा अन्य सभी संबंधित पक्षों से इस अभियान में सक्रिय रूप से सहभागिता कर, मामलों के सौहार्दपूर्ण एवं त्वरित निपटारे हेतु अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु आमंत्रित किया है।
सर्वाेच्च न्यायालय में दिनांक 21, 22, 23 अगस्त, 2026 को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत/समाधान समारोह हेतु सर्वाेच्च न्यायालय के समक्ष लंबित उन प्रकरणों को चिन्हित/रेफर, कर उनकी सूची तैयार की गई है, जिनमें पक्षकारों के आपसी सहमति एवं संवाद के माध्यम से लंबित प्रकरणों का त्वरित सौहृार्दपूर्ण निराकरण किया जा सकता है। सर्वाेच्च न्यायालय के समक्ष लंबित ऐसा कोई निराकरण योग्य लंबित प्रकरण यदि उपरोक्त पहले से चिन्हित एवं रैफर किये गये प्रकरणों की सूची में नहीं हैं। तो विशेष लोक अदालत/समाधान समारोह हेतु उपलब्ध गूगल फार्म के जरिए प्रकरण से संबंधित वांछित विवरण दर्ज कर, पक्षकार प्रकरण को विशेष लोक अदालत/समाधान समारोह में निराकरण हेतु चिन्हित/रेफर करवा सकते हैं। गूगल फार्म के जरिए प्रकरण से संबंधित वांछित विवरण दर्ज करने की समय सीमा बढ़ायी जाकर, दिनांक 31 जुलाई, 2026 निर्धारित की गई है, तथा विशेष लोक अदालत/समाधान समारोह में पक्षकारों द्वारा प्रकरणों को चिन्हित/रेफर किये जाने हेतु गूगल फार्म का लिंक सर्वाेच्च न्यायालय की वेबसाइट पर ‘‘समाधान समारोह’’ टैब के अंतर्गत् उपलब्ध है।
न्यायालयों में लंबित मामलों के उभय पक्षों के मध्य राजीनामा होने से सद्भावना का वातावरण निर्मित होकर कटुता समाप्त हो जाती है तथा समय, श्रम, धन की भी बचत होती है, समाज में शांतिपूर्ण सद्भावना का वातावरण निर्मित होता है और भाईचारे की भावना का विकास होता है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भिण्ड द्वारा जनसामान्य से अपील की जाती है कि उपरोक्त आयोजित होने वाले समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026 में अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण कर समय व धन की बचत कर सौहार्दपूर्वक मामलों को निपटायें और लाभ प्राप्त करें।




