जनविश्वास अभियान अंतर्गत एण्डोरी शिविर में होगा उद्यमी संवाद, मिलेगी मेडिकल बोर्ड की सुविधा।

जनविश्वास अभियान अंतर्गत एण्डोरी शिविर में होगा उद्यमी संवाद, मिलेगी मेडिकल बोर्ड की सुविधा।
*जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम की तैयारियों की हुई समीक्षा*
*हर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत प्रतिदिन आयोजित होंगी गतिविधियां*
*समय-सीमा बैठक में सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य लंबित विषयों की समीक्षा*
*कलेक्टर की अध्यक्षता में समय सीमा बैठक का आयोजन*
कलेक्टर ने बैठक में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य है कि क्षेत्र की सभी सीएम हेल्पलाइन और अन्य शिकायतें संतुष्टिपूर्वक बंद की जाएं, लोक सेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत कोई भी आवेदन समय सीमा बाह्य नहीं हो और क्षेत्र का कोई भी पात्र हितग्राही हितलाभ से वंचित नहीं रहे। उन्होंने कहा कि आगामी 14 अगस्त को एण्डोरी में आयोजित होने वाले दूसरे शिविर के लिए सभी विभाग गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि एण्डोरी शिविर में उद्यमी संवाद आयोजित किया जाए, जिसमें क्षेत्र के उद्यमियों की अनापत्ति प्रमाणन और अन्य समस्याओं का निराकरण हो सके। कलेक्टर ने आगामी शिविर में मेडिकल बोर्ड बैठाने के निर्देश दिए जिससे मौके पर ही यूडीआईडी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी विभाग संवेदनशीलता से काम करें जिससे हितलाभ पंजीयन के लिए किसी भी हितग्राही को भटकना नहीं पड़े। कलेक्टर ने अभियान अंतर्गत गोरमी में लगाए गए पहले शिविर के संबंध में निर्देश दिए कि गोरमी सेक्टर की सभी समस्याओं का समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए, सेक्टर की शिकायतों में कमी लाई जाए और शिविर के सभी निरीक्षणकर्ता अधिकारी निरीक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।
कलेक्टर ने जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के संबंध में परेड ग्राउंड, बैठक, पेयजल, प्रकाश, उद्घोषक, मिष्ठान, इत्यादि व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि समारोह स्थल पर जलभराव की स्थिति नहीं बने, फूल, गमले, गुब्बारे और अन्य सजावट सामग्री की व्यवस्था समय से कर ली जाए और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को अंतिम रूप दे दिया जाए। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के साथ ध्वजारोहण किया जाए और शासकीय भवनों में रात में प्रकाश व्यवस्था की जाए। उन्होंने स्वतंत्रता व लोकतंत्र सेनानी और शहीदों के परिजनों को सम्मानपूर्ण आमंत्रित करने तथा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर केंद्रित विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि हर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत प्रतिदिन जागरूकता रैली और गतिविधियां आयोजित की जाएं, जिसमें स्कूल और कालेज के विद्यार्थियों, नगरीय निकायों और जनपद पंचायतों की सहभागिता हो। आगामी 13 अगस्त को जिला मुख्यालय में हर घर तिरंगा रैली का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देशभक्ति की भावना के साथ सभी शासकीय सेवक हर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत अपने निवास पर तिरंगा लगाएं और आमजन को भी इसके लिए प्रेरित करें। आजीविका मिशन अंतर्गत स्वसहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए तिरंगे सभी जनपद और जिला पंचायत में विक्रय किए जा रहें हैं, जिसे विभाग आवश्यकता अनुसार क्रय कर सकते हैं।
कलेक्टर ने अनअटेंडेड सीएम हेल्पलाइन शिकायतों पर एल-1 अधिकारियों को नोटिस जारी करने, सीएम हेल्पलाइन शिकायतें विशेषकर 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतें परीक्षण कर संतुष्टिपूर्ण बंद करने, समय सीमा बाह्य प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों पर शास्ती लगाने और न्यायालय प्रकरणों में पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों और छात्रावासों में निरीक्षण के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाए, और विभागीय अधिकारी भी अपनी अधीनस्थ संस्थाओं का निरीक्षण निरंतर करते रहें। उन्होंने बैठक में समय सीमा पत्रकों की विस्तृत समीक्षा भी की।




